संपूर्णानगर। शुक्रवार को थाना क्षेत्र की खजुरिया निवासी दो दोस्तों की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद शनिवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में शोक की लहर है।
शुक्रवार की सुबह संपूर्णानगर के भानपुरी खजुरिया गांव निवासी रहीस खान का 30 वर्षीय पुत्र शफीक अहमद अपने दोस्त श्रीदेव के 35 वर्षीय पुत्र रामबाबू के साथ किसी काम से बाइक पर पूरनपुर जा रहे थे। थाना हजारा के सिद्धनगर-भुर्जुनिया गांव के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया था। शनिवार की शाम दोनों के शव गांव में पहुंचे तो मातम पसर गया। मृतक शफीक तीन भाईयों में सबसे छोटा था व सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिजन का ख्याल रखता था। मृतक के भाई सोनू ने बताया कि वह फौज में जाना चाहता था। बृहस्पतिवार को आर्मी से उसे कॉल लेटर भी आया था, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
उधर, मृतक रामबाबू अपने पिता व भाइयों से अलग होने के बाद पत्नी व पांच माह की बेटी के साथ रहता था। दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन यापन करता था। दो साल पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और उसके सामने अपने बेटी की परवरिश करने का संकट मंडराने लगा है। उधर, रविवार को शफीक को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। वहीं रामबाबू का अंतिम संस्कार किया गया।