
मोहम्मदी। बरबर-मोहम्मदी हाईवे पर पाल अभयकचनार के पास किसी वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक और उसकी मौसी की इलाज को ले जाते वक्त मौत हो गई, जबकि युवक की मौसेरी बहन जख्मी हो गई।
शनिवार की रात थाना औरंगाबाद निवासी सूरज (22) बाइक पर अपनी मौसी कमला देवी (42) और उनकी बेटी रेनू को साथ लेकर मोहम्मदी के रधोला में अपनी ससुराल जा रहा था। वह पाल अभयकचनार गांव के पास पहुंचा कि पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस उन्हें लेकर सीएचसी पहुंची, लेकिन हालत नाजुक देख डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां रास्ते में ही सूरज और कमला देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दोनों मृतकों के घरों में मातम पसरा है।
15 दिन पहले हुई थी सूरज की शादी
जानकारी के मुताबिक 19 मई को सूरज सेहरा बांध रधौला गांव में सियाराम के घर बारात लेकर गया था। सूरज की रूबी के साथ शादी हुई थी। बताया गया कि 15 जून को ससुराल रधौला में राम करन की पुत्री की शादी थी उसमें सूरज और उसकी मौसी व मौसेरी बहन रेनू तीनों एक ही बाइक से जा रहे थे कि यह हादसा हो गया।