Lakhimpur Kheri : टीका ही बचाएगाः ग्राम पंचायत जमैयतपुर कोरोना मुक्त होने की ओर अग्रसर

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

बांकेगंज ब्लॉक के इस क्षेत्र में 45 वर्ष से ऊपर के 222 में से 220 लोग लगवा चुके हैं कोरोना टीका

गोला गोकर्णनाथ। बांकेगंज सीएचसी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जमैयतपुर में 90 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने कोरोना टीका लगवा लिया है। ब्लॉक मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर पांच हजार की आबादी वाली इस ग्राम पंचायत में कालीचरनपुर, दौलतगंज सहित दो मजरे हैं।

प्रधान महेंद्र कुमार निगरानी समिति के सदस्यों के साथ लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं और पंचायत में 45 वर्ष से अधिक आयु के 222 में से 220 लोगों के कोरोना प्रतिरक्षण टीका लगवा चुके हैं। ग्राम पंचायत में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण करने के लिए नोडल अधिकारी डॉ. शिवेंद्र अवस्थी के नेतृत्व में एएनएम ज्ञान देवी, ज्योति तिवारी सहित हेल्थ वर्कर टीम ने निगरानी समिति के सहयोग से ग्रामीणों को जागरूक किया। लगातार कई दिन वैक्सीनेशन के लिए ग्राम पंचायत में कैंप लगाए गए। डोर टू डोर टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों और निगरानी समिति के प्रयास से ग्राम पंचायत जमैयतपुर कोरोना मुक्त होने की ओर अग्रसर है। इस ग्राम पंचायत का निरीक्षण तत्कालीन डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और कमिश्नर रंजन कुमार कर चुके हैं।

रिकॉर्ड टीकाकरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान है। गांव में लगे कैंप में कोविड-19 का प्रतिरक्षक टीका लगवा लिया है। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। अब 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को भी टीका लगवाया जा रहा है। किसी अफवाह पर ध्यान न देकर टीकाकरण अवश्य कराएं। - शिवनंदन वर्मा, जिला पंचायत सदस्य निवासी कालीचरनपुर


गांव में लगे कैंप में कोरोना का टीका लगवा लिया है। टीका लगवाने से कोई भी दिक्कत नहीं हुई। अपने भी टीका लगवाया और दूसरे लोगों को प्रेरित करके भी टीका लगवाया। महामारी से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को टीका लगवा लेना चाहिए। - शिवदयाल निवासी दौलतगंज

ग्राम पंचायत में शत प्रतिशत टीकाकरण होने की ओर है। प्रयास है कि पूरी ग्राम पंचायत कोरोना मुक्त रहे। निगरानी समिति के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों का सहयोग कर हैं। प्रयास यह है कि ग्राम पंचायत का कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित न रहे। - महेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान जमैयतपुर

ग्राम पंचायत जमैयतपुर में लोगों का टीकाकरण टीम को बहुत अच्छा सहयोग मिला है। ग्राम पंचायत में लगे कैंप में 45 वर्ष से ऊपर के 222 में से 220 लोग टीकाकरण करा चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसी तरह अन्य ग्राम पंचायत के लोगों को भी कोरोना टीकाकरण अभियान में सहयोग करना चाहिए। - डॉ. केके रंजन, सीएचसी अधीक्षक बांकेगंज



Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !