प्रांतीय क्रियाकलाप सप्ताह का ऑनलाइन आगाज
सनातन धर्म बालिका इंटर कॉलेज में हुई वर्चुअल बैठक
लखीमपुर खीरी। सनातनधर्म बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को प्रांतीय क्रियाकलाप सप्ताह का ऑनलाइन आगाज हुआ। गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि इस सप्ताह का विषय ‘हुनर है तो कदर है’ पर आधारित है। ऐसे आयोजन से छात्राओं में रचनात्मक एवं बौद्धिक विकास होता है। पारिवारिक शिक्षा के साथ उन्हें अपने रीति रिवाज एवं परंपराओं का ज्ञान होता है।
प्रबंधक रश्मि बाजपेई ने छात्राओं को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने कहा कि शिक्षक का दायित्व पाठ्यक्रम पढ़ा देना ही नहीं, बल्कि शिष्य के सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना है। यदि शिष्य छात्र न होकर छात्रा है तो शिक्षक का दायित्व दो गुना बढ़ जाता है, क्योंकि एक छात्र की शिक्षा एक व्यक्ति की शिक्षा है। मगर, एक छात्रा दो परिवार एवं तीन पीढ़ियों को शिक्षित करती है। इन्हीं उद्देश्यों को लेकर क्रियाकलाप सप्ताह का आयोजन हुआ है। बालिका शिक्षा क्षेत्रीय प्रभारी उमाशंकर, प्रांतीय बालिका शिक्षा प्रमुख शिप्रा बाजपेई, प्रदेश निरीक्षक राजेंद्र बाबू, संभाग निरीक्षक सुरेश आदि मौजूद रहे। संचालन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर गोंडा की प्रधानाचार्य पुष्पा ने किया।
Lakhimpur Kheri : यदि शिष्य है बालिका तो शिक्षक का दो गुना बढ़ जाता है दायित्व
June 12, 2021