ऑटो डीलर्स के शो रूम पर कोविड हेल्प डेस्क भी नहीं दिखी, व्यवस्था सुधारने के निर्देश
छापे को उत्पीड़न बताते हुए ऑटो डीलर्स एसोसिएशन ने बुलाई डीलरों की बैठक
लखीमपुर खीरी। सोमवार को रुटीन चेकिंग के दौरान एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने शहर के नामचीन ऑटो डीलर के शोरूम पर जा पहुंचे और रिकार्ड खंगाले। इस दौरान उन्हें वहां न तो कोविड हेल्प बनी दिखी न ही कोरोना जागरूकता संबंधी कोई निर्देश के फ्लैक्स ही दिखे। एआरटीओ ने संबंधित ऑटो डीलर को तीन दिन के अंदर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा है। उधर, आटो डीलर्स एसोसिएशन ने एआरटीओ के छापे को व्यापारियों का उत्पीड़न बताते हुए विरोध किया। उन्होंने ऑटो डीलर्स की बैठक बुलाई है।
सोमवार की दोपहर एआरटीओ आलोक कुमार रुटीन चेकिंग के दौरान सबसे पहले एलआरपी चौराहे पर स्थित मूसाराम आटो सेल्स के शोरूम पर पहुंचे, जहां उन्हें कोविड जागरूकता से संबंधित न तो कोई फ्लैक्स मिले न ही कोविड हेल्प डेस्क ही बनी मिली। उन्होंने वाहनों की बिक्री से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया, लेकिन गाड़ियों की रेट लिस्ट व रजिस्ट्रेशन फीस आदि की दर का कोई बोर्ड लगा नहीं मिला।
इसके बाद एआरटीओ ने पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर कार शोरूम एकेसी ह्युंडई पर छापा मारा, वहां भी उन्हें कोविड की जागरूकता संबंधी फ्लैक्स लगे नहीं मिले। न ही कोविड हेल्प डेस्क ही बनी थी। इसके अलावा वहां न तो रिकार्ड रूम ठीक मिला और न ही वाहनों की रेट लिस्ट व चार्जेस की सूचनाओं को प्रदर्शित किया गया। इस पर एआरटीओ ने नाराजगी जताते हुए तीन दिन के अंदर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
उधर, आटो डीलर्स एसोसिएशन ने एआरटीओ के छापे को व्यापारियों का उत्पीड़न बताते हुए विरोध किया। एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने डीएम से मोबाइल पर बात कर ऑटो डीलर्स की ओर से पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अब तक किसी अधिकारी ने ऑटो डीलर्स के शोरूम पर छापा नहीं मारा था। पहली बार एआरटीओ ने आटो डीलर्स के शोरूम पर छापा मारा है, जिससे सभी व्यापारी शोरूम में ताला डालकर प्रदर्शन करेंगे। साथ ही अध्यक्ष ने सभी ऑटो डीलर्स की आपात बैठक भी बुलाई है। बताते चलें कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान वाहन बेचने के कारण एआरटीओ द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद आनन-फानन में आटो डीलर्स एसोसिएशन का गठन किया गया था, जो अब सीधे अधिकारियों से मोर्चा लेने में जुटी है।
ऑटो डीलर्स के शोरूम पर रूटीन चेकिंग की गई है। कोविड 19 जागरूकता संबंधी फ्लैक्स और कोविड हेल्प डेस्क नहीं बनाई गई हैं। एकेसी शोरूम पर रिकार्ड रूम सही नहीं मिला है। डीलरों को कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ ही फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अन्य कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। सभी निर्देश जनहित में दिए गए हैं। उत्पीड़न करने की बात निराधार है।
- आलोक कुमार, एआरटीओ, प्रशासन