रेलवे रोड मकबरा अबू निवासी महिला की दहेज के लिए पीट पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में महिला को पहले मेरठ और इसके बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान महिला को लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन चार अप्रैल की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला के भाई ने रेलवे रोड थाने में बहनोई समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
हापुड़ कोतवाली इलाके के रहने वाले सलीम ने बताया कि वर्ष 2012 में उन्होंने अपनी बहन जेबा का निकाह मकबरा अबू निवासी आसिफ से किया था। निकाह के बाद दहेज के लिए जेबा को परेशान किया जा रहा था। कई बार मारपीट की गई। 21 मार्च को सूचना मिली कि जेबा को बेरहमी से पीटा गया और गंभीर रूप से वह घायल है।
ससुराल पक्ष ने अस्पताल में भर्ती भी नहीं कराया। सलीम कुछ रिश्तेदारों के साथ मेरठ आए और घायल बहन को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। सलीम ने बताया कि उसी दिन से जेबा वेंटिलेटर पर थी। उनकी बहन को बेल्ट से पीटा गया और यातनाएं दी गई। पेट और कमर पर गंभीर चोट थी। उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और चार अप्रैल की अलसुबह दिल्ली में जेबा की मौत हो गई। सलीम की ओर से रेलवे रोड थाने में आसिफ, उसकी मां नसीम, बड़े भाई आरिफ और दो देवर आबिद व फरमान के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।