Lakhimpur Kheri : 15 ब्लाकों में 17,882 उम्मीदवारों ने किया नामांकन

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
प्रधान, बीडीसी और सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए पहले दिन प्रत्याशियों की उमड़ी भीड़
लखीमपुर खीरी। जिले भर में पंचायत चुनाव के नामांकन के लिए कुल 17 हजार 882 नामांकन पत्र दाखिल हुए। 

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) और डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के 15 ब्लॉकों में नामांकन के पहले दिन ग्राम प्रधान पद के 7817, बीडीसी पद के 4780 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 5285 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इस तरह कुल 17 हजार 882 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। अब बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है।

जनपद में 1165 प्रधान, 72 जिला पंचायत सदस्य समेत बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव होने हैं। जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम न्यायालय, एसडीएम सदर न्यायालय, अतिरिक्त एसडीएम न्यायालय और उप संचालक चकबंदी न्यायालय में नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

 पहले दिन चारों काउंटरों पर 829 नामांकन पत्र जमा हुए, जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी के तौर पर पूर्व विधायक शशिबाला भारती ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा ब्लॉकों में प्रधान, बीडीसी और सदस्य ग्राम पंचायत पदों के लिए नामांकन जमा करने के लिए देर शाम तक प्रत्याशियों की लाइन लगी रही, जिससे ब्लॉकों में कुल जमा नामांकन पत्रों की गिनती और अपलोडिंग का काम जारी था।

डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि दो दिन में नामांकन पत्र जमा करने का समय निर्धारित है, जिससे पहले दिन ही काफी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। ब्लॉकों में देर शाम तक नामांकन पत्र जमा करने के लिए लाइन लगी रही।

पहले दिन 1654 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
निघासन। ब्लाक में नौ काउंटर नामांकन के लिए लगाए गए। जहां, पहले दिन प्रधान पद के 521, 468 बीडीसी और 665 ग्राम पंचायत पद उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। 

भीड़ अधिक होने के कारण एसडीएम ओपी गुप्ता, सीओ प्रदीप वर्मा आदि ने उम्मीदवारों से बात कर संयम से नामांकन कराने की बात कही। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से और भीड़ का आवागमन न रुके इसलिए सदर चौराहा, ढखेरवा रोड, रेडरोज पब्लिक स्कूल के पास बैरिकेडिंग आदि लगवाकर बड़े वाहनों पर रोक लगा दी। बिना मास्क नामांकन के लिए प्रवेश करने वालों को सुरक्षाकर्मियों ने फटकार लगाते हुए मास्क लगाने के बाद अंदर जाने दिया।

बांकेगंज में नामांकन के लिए दावेदारों की उमड़ी भीड़
बांकेगंज। ब्लॉक क्षेत्र में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। इसके लिए ब्लॉक मुख्यालय पर न्याय पंचायत स्तर पर कुल सात काउंटरों पर संबंधित दावेदारों और उनके समर्थकों की सवेरे से ही भारी भीड़ जमा हो गई।

 नामांकन पत्र जमा करने के लिए महिलाओं में सबसे ज्यादा उत्साह नजर आया। कड़ी धूप के बावजूद लाइन में खड़े दावेदार घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। आरओ दिग्विजय भार्गव और तहसीलदार गोला विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि पहले दिन नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

पहले दिन लगभग 50 प्रतिशत ने कराया नामांकन
पलियाकलां। सुबह आठ बजे से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। पांच बजे ब्लाक गेट को बंद कर दिया गया। इसके बाद भी अंदर भारी संख्या में दावेदारों की भीड़ लगी रही। बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्र ने बताया कि तीनों पदों पर लगभग तीन हजार के आसपास नामांकन फार्मों की बिक्री हुई थी। 

इसमें पहले दिन बुधवार को लगभग 15 सौ दावेदारों ने अपना नामांकन फार्म जमा किया है। उधर, सुरक्षा को देखते हुए ब्लाक परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि संपूर्णानगर रोड पर ब्लाक जाने वाले रास्ते पर बैरियर लगाकर केवल प्रस्तावक व प्रत्याशी को ही अंदर प्रवेश दिया गया।

पहले दिन 1568 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
मोहम्मदी। नामांकन के पहले दिन 1568 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन किया, जबकि अब तक 2770 पर्चों की बिक्री हुई है। बीडीओ धर्मेश पांडे ने बताया कि नामांकन के पहले दिन प्रधान पद के 681, बीडीसी के 332, ग्राम पंचायत सदस्यों के 535 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
पहले दिन 1152 नामांकन पत्र दाखिल हुए

मितौली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन प्रक्रिया का जायजा लेने के लिये डीएम और एसपी मितौली पहुंचे और ब्लॉक परिसर में भ्रमण कर नामांकन की व्यवस्थाएं देखीं व जरूरी निर्देश दिए। नामांकन के पहले दिन कुल 1152 नामांकन पत्र दाखिल हुए जिसमें प्रधान पद के 642, बीडीसी के लिये 333 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 177 नामांकन पत्र दाखिल हुए।

धौरहरा में दाखिल हुए 557 नामांकन पत्र
धौरहरा। बुधवार को प्रधान पद के 259, क्षेत्र पंचायत पद के 155 व ग्राम पंचायत सदस्यों के 143 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इस दौरान मास्क लगाकर ही नामांकन पत्र दाखिल करने वालो प्रत्याशी व प्रस्तावकों को प्रवेश दिया गया। एसडीएम धौरहरा रेनू ने सीओ धौरहरा टीएन दुबे व प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर पाल के साथ नामांकन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिये।

रमियाबेहड़ में दाखिल हुए 892 नामांकन पत्र
धौरहरा। आरओ रमियाबेहड़ वीरपाल सिंह ने बताया कि पहले दिन 1034 नामांकन दाखिल हुए जिसमें प्रधान पद के 310, क्षेत्र पंचायत पद के 358 और ग्राम पंचायत पद के 366 नामांकन दाखिल हुए।

767 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
ईसानगर। नामांकन पत्र जमा करने के लिए बनाए गए काउंटरों पर प्रत्याशी कोरोना को भूल कर सोशल डिस्टेंसिंग की खुलेआम धज्जी उड़ाते रहे। पहले दिन प्रधान पद के 396, बीडीसी के 194 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 177 उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

गोला गोकर्णनाथ। ब्लॉक मुख्यालय पर बने 10 काउंटरों पर क्षेत्र से आए प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों ने अपने एक-एक प्रस्तावक के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशियों के वाहनों को लखीमपुर रोड बाईपास मोड़ के पास और नानक चौकी के निकट बैरियर पर रोक लिया गया। वहां से प्रत्याशी पैदल ही अपने एक प्रस्तावक के साथ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। इस मौके पर एसडीएम अखिलेश यादव, बीडीओ देवेंद्र प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत सरदार सिंह राना के दिशा निर्देशन में निर्वाचन, राजस्व एवं ब्लॉक कर्मचारी व्यवस्था में लगे रहे।

फूलबेहड़ में पहले दिन 932 नामांकन दाखिल हुए
महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ ब्लाक मुख्यालय पर पहले दिन 932 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। वहीं कुछ उम्मीदवार शाम पांच बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा करने के लिए लाइन में लगे रहे। 75 ग्राम पंचायत के लिए ब्लाक में कुल नौ काउंटर लगाए गए। शाम पांच बजे तक प्रधान पद के 407, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 228 और पंचायत के 297 समेत 932 नामांकन दाखिल हुए।

दिव्यांग ने दाखिल किया नामांकन
पसगवां। ब्लॉक परिसर में सभी 14 नामांकन काउंटरों पर सुबह से ही भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान गौहनिया आलम निवासी दोनों पैरों से दिव्यांग रघुवीर प्रसाद ने प्रधान पद के लिए नामांकन कराया। निरीक्षण के दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन में समय कम होने के कारण भीड़ अधिक है। सभी का नामांकन कराया जाएगा। गंभीर गलतियों पर नामांकन पत्र निरस्त किए जाएंगे, छोटी गलतियों पर निरस्त नहीं होगा। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !