मितौली। ग्राम पंचायत मितौली के प्रधान पद के प्रत्याशी की ओर से बाइक रैली निकालने पर प्रशासन ने दो लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्जकर किया है। साथ ही प्रत्याशी को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम पंचायत में प्रधान पद के प्रत्याशी सुरेश पाल ने कोविड-19 की धज्जियां उड़ाते हुए धारा 144 तथा 188 का उल्लंघन किया गया। प्रत्याशी ने सैकड़ों समर्थकों के साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों से जुलूस की शक्ल में कस्बे की सड़कों पर नारेबाजी कर रैली निकाली। मामला संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी दिग्विजय कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी मितौली संदीप सिंह के निर्देशन में थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी ने एक चार पहिया और पांच दुपहिया वाहनों को सीज कर दिया।
साथ ही प्रधान प्रत्याशी सुरेश कुमार पाल व उनके साथी अशोक कुमार पाल को धनीपुर से गिरफ्तार कर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा करीब 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि अगर कोई प्रत्याशी बगैर अनुमति के आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करेगा तो वह ऐसी कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहे।