Lakhimpur Kheri : मैलानी रूट पर चार ट्रेनों का संचालन निरस्त

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
मैलानी (लखीमपुर खीरी)। रेल प्रशासन ने मैलानी रूट पर चार ट्रेनों का संचालन निरस्त कर दिया है।

पीआरओ महेश गुप्ता के मुताबिक ट्रेन नंबर 05085 मैलानी-लखनऊ, ट्रेन नंबर 05086 लखनऊ-मैलानी पैसेंजर 21 अप्रैल से अगले आदेश तक निरस्त रहेंगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 05009 गोरखपुर-मैलानी गोमती एक्सप्रेस 21 अप्रैल से और ट्रेन नंबर 05010 मैलानी-गोरखपुर गोमती एक्सप्रेस 22 अप्रैल से अगले आदेश तक निरस्त रहेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रशासनिक कारणों घटती यात्रियों की संख्या के कारण ऐसा किया गया है।
ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्री परेशान
लखीमपुर खीरी। एकाएक रेलवे के ट्रेनों का संचालन बंद करने से यात्री हैरान और परेशान हैं तो स्टेशन के बाहर दुकानें चलाने वाले दुकानदारों का कहना है कि जैसे-तैसे तो व्यापार पटरी पर आ पाया था अब फिर दिक्कत होगी।

सरकार ने मजाक बना दिया
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अवनीश अवस्थी उर्फ सोनू का कहना है कि सरकार ने रेलसेवा को मजाक बनाकर रख दिया है। रेलवे की हालत निजी बस सेवाओं से भी बदतर हो गई है। आलम यह है कि अब पता ही नहीं रहता कि कौन सी ट्रेन का संचालन कब बंद कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों को होने वाली परेशानी से सरकार को कोई मतलब नहीं है।
फिर चौपट हो जाएगा कारोबार
होटल व्यवसायी अमीरचंद्र यादव उर्फ बाबा का कहना है कि ट्रेनें चलने से होटल का कारोबार काफी समय बाद पटरी पर लौट आया था। आमदनी ठीकठाक होने लगी थी, लेकिन अब ट्रेनें फिर बंद होने से कारोबार पर असर पड़ेगा और आवागमन में भी दिक्कत आएगी।
आवागमन में होगी दिक्कत
गोल मार्केट के फुटवियर व्यवसायी तनवीर अहमद ने कहा कि पिछले वर्ष हुए लॉकडाउन के बाद लंबे अरसे के बाद ट्रेनें चलने से आवागमन में सुविधा हो गई थी। अब गोला, लखीमपुर, सीतापुर, लखनऊ बस से जाने में पैसा भी अधिक खर्च होगा और परेशानी भी होगी।

ट्रेनें बंद होने से फिर बढ़ेगी मुसीबत
रिटायर्ड शिक्षक भगवत स्वरूप बाथम ने कहा कि ट्रेनें बंद होने से क्षेत्रवासियों की मुसीबतें एक बार फिर बढ़ेंगी। क्योंकि यहां से जिला मुख्यालय तक जाने को सीधी बस सेवा नहीं है। लिहाजा लखीमपुर तक बस से जाने में चार गुना अधिक खर्च होने के साथ ही असुरक्षित और कष्टदायक सफर करना पड़ता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !