Lakhimpur Kheri : जिला पंचायत : मतगणना कल, सभी तैयारियां पूरी

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
लखीमपुर खीरी। पंचायत चुनाव में 19 मई को डाले गए मतों की गणना का कार्य दो मई 2021 को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर होगा, जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य शनिवार को पूरा हो जाएगा। 960 टेबलों पर मतगणना कराई जाएगी, जिससे शाम तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस बार एक ही मतपेटी में ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य उम्मीदवारों के मतपत्र डाले गए हैं, जिसमें ज्यादातर स्थानों पर पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होने से तीन बैलेट पेपर का प्रयोग हुआ है। हालांकि कुछ बूथों पर चार मतपत्र का प्रयोग हुआ है। मतपत्रों की गिनती का काम सुबह आठ बजे से प्रारंभ होना है, जिससे पहले मतपत्रों की छंटनी की जाएगी, जिसके बाद मतपत्रों की गिनती प्रारंभ होगी। मतगणना स्थल पर कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्याशी या उनके एजेंट को खांसी-बुखार के लक्षण दिखे तो उन्हें मतगणना स्थल से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। इसके अलावा डबल मास्क लगाने की अनिवार्यता रहेगी।


दो मई की सुबह 04 बजे से 04:30 बजे तक ब्लॉकों के लिए रवाना होंगी बसें
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 की मतगणना 15 ब्लॉकों के निर्धारित मतगणना स्थल पर दो मई को होगी। मतगणना कर्मचारियों की तैनाती की जा चुकी है। मतगणना कार्मिक अपने निजी वाहन/साधन से मतगणना स्थल तक जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिन मतगणना कार्मिकों के पास वाहन की व्यवस्था न हो, ऐसे मतगणना कार्मिकों को मतगणना स्थल तक पहुंचने में असुविधा न हो, इसलिए ब्लॉक लखीमपुर को छोड़कर अन्य समस्त ब्लॉकों में मतगणना करने के लिए नामित मतगणना कार्मिकों को जनपद मुख्यालय से आंवटित मतगणना स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था राजकीय इंटर कॉलेज लखीमपुर के मैदान में की गई है। उन्होंने बताया कि मतगणना कार्मिकों को मतगणना स्थल तक पहुंचाने के लिए दो मई को सुबह 04 बजे से 04.30 बजे तक वाहन रवाना किए जाएंगे। इसके बाद कोई वाहन रवाना नहीं होगा।

मतगणना प्रशिक्षण से नदारद कर्मचारियों को अंतिम अवसर आज
लखीमपुर खीरी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 की दो मई को मतगणना नियत है। जिला मुख्यालय पर गुरुवार व शुक्रवार को मतगणना की प्रशिक्षण कार्यशाला में किन्हीं कारणों से अनुपस्थित मतगणना कार्मिकों को डीएम ने अंतिम अवसर प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित मतगणना कार्मिक एक मई को पूर्व नियत प्रशिक्षण स्थल डीएस इंटर कॉलेज में सुबह 10:00 बजे पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त करें।
-
मतगणना में ब्लॉकवार टेबलों की संख्या
ब्लॉक टेबल
लखीमपुर 88
नकहा 60
फूलबेहड़ 58
ईशानगर 66
धौराहरा 40
निघासन 72
रमियाबेहड़ 64
बांकेगंज 50
पसगवां 80
मितौली 70
कुम्भी 64
पलिया 66
बिजुआ 62
बेहजम 60
मोहम्मदी 60

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !