Lakhimpur Kheri : वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा विधायक और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख भिड़े

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
खीरी टाउन (लखीमपुर खीरी)। नकहा ब्लॉक परिसर में रविवार को पर्चा वापसी को लेकर भाजपा के सदर विधायक और नकहा के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख आपस में भिड़ गए। बवाल की ख़बर लगते ही डीएम और एसपी ने मौका मुआयना किया और बाधित चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई। एसपी विजय ढुल ने बताया कि नकहा चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आचार संहिता उल्लंघन के तहत हथियार लहराने पर संजय गुप्ता समेत 10-15 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

नकहा ब्लॉक कार्यालय पर पर्चा वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिया जाना था। इससे पूर्व ही सदर विधायक योगेश वर्मा और निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता में क्षेत्र पंचायत सदस्य के पर्चा वापसी को लेकर कहासुनी होनी लगी।

 गाली गलौज के बीच बात यहां तक बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे का गिरेबान तक पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें एक पक्ष का समर्थक पिस्टल लहराते दिख रहा है। घटना के बाद सूचना पर डीएम और एसपी ने मौका मुआयना किया और पर्चा वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करवाई। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

 विधायक योगेश वर्मा की दलील है कि, विरोधी स्वेच्छा से नाम वापस लेना चाहते थे। जबकि, निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता का कहना था कि कोरिया छीट निवासी शाहरुख और वारिस, बंजरिया निवासी कल्लू और पचकोरवा निवासी शिवपूजन पर पर्चा वापसी के लिए विधायक ने दबाव डाला और गाड़ी में बंद कर ले जाने लगे। जिसका उन्होंने विरोध किया तो विधायक ने उन्हें चुनाव न लड़ने धमकी दी।

वार्ड नंबर 31 में पर्चा वापसी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। दोनों पक्षों में तनातनी और धक्कामुक्की हुई है। जो भी इस घटना में संलिप्त होंगे। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !