पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज में छंगा नाला प्रक्षेत्र में एक गैंडा शिशु का शव मिला है। गैंडा शिशु एक माह पहले ही जन्मा था। इसकी मौत के बाद पार्क प्रशासन में खलबली मची हुई है। मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है।
दुधवा नेशनल पार्क में गैंडों की संख्या वैसे ही कम है। लेकिन इस संख्या में प्राकृतिक तरीके से मौतें भी हैरान करने वाली हैं। इसी में गैंडा पुनर्वास में एक नन्हा गैंडा मृत अवस्था में पाया गया है। इसका जन्म लगभग एक माह पूर्व हुआ था।
बेलरायां रेंजर चंद्रभाल ने बताया मौके पर टीम गई थी। प्रथम दृष्टया मामले में गैंडे के बच्चे का शव पानी में डूबा हुआ था, लेकिन शरीर पर कोई निशान नहीं थे। मौके पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने शव का पीएम कराने के बाद ही आगे की रिपोर्ट आने की बात कही है। प्रथम दृष्ट्या आपसी संघर्ष की भी बात कही जा रही है। बाकी पीएम रिपोर्ट आने के बाद पार्क अधिकारी खुलासा करने की बात कह रहे हैं। गैंडा शिशु की मौत ने पार्क प्रशासन की गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।