Lakhimpur Kheri : बुधवार की रात लगी आग अगले दिन बुझाई जा सकी

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

आग बुझाने में बुधवार को पूरी रात जुटे रहे वन और अग्निशमन कर्मी, अगले दिन मिली सफलता
करोड़ों की वन संपदा खाक, कई ग्रासलैंड भी जले
मैलानी। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंक्चुरी के जंगल में बुधवार की रात लगी आग अगले दिन बृहस्पतिवार शाम को काबू कर ली गई। आग से करोड़ों रुपये की वन संपदा को नुकसान होने का अनुमान है। कई ग्रासलैंड खाक हो गए हैं।
वनकर्मियों के मुताबिक, आग लगने की शुरूआत चलतुआ गांव से हुई। आग धीरे-धीरे हाईवे के किनारे फैलते हुए पुलिस चौकी बरगद से करीब पांच सौ मीटर दूर दस-बारह हेक्टेयर में फैल गई। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों और गोला, मितौली, पलिया के अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। पूरी रात कर्मचारी आग बुझाने में डटे रहे।
पलिया अग्निशमन प्रभारी राधेश्याम पाल ने बताया कि दस-बारह किलोमीटर में आग बुझाई जा चुकी है। तब जाकर सुबह तक आग पर कुछ काबू पाया जा सका। हालांकि सुबह भी कई जगहों पर सड़क किनारे पेड़ जलते और सुलगते दिखाई दिए। आग से लाखों करोड़ों की वन संपदा के नुकसान होने के साथ ही रेंगने वाले तमाम वन्यजीवों की मौत की आशंका है।
बृहस्पतिवार को सुबह जंगल में आग में फंसे पशु बेसुध दिखाई दिए। हरे रंग के एक सांप को वनकर्मियों ने लकड़ी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। तेज हवा के कारण आग पर पूरी तरह काबू पाने में वन और अग्निशमन कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम तक आग पर पूरी तौर से काबू पाया जा चुका था।
सीओ गोला संजय नाथ तिवारी और प्रभारी निरीक्षक मैलानी चंद्रभान यादव भी सूचना पाकर रात को ही जंगल में पहुंचे और वस्तुस्थिति का जायजा लिया। आग से जंगल से गुजर रहे हाईवे के आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा है। रात में भी आवागमन सामान्य रहा और बृहस्पतिवार को दिन में भी आवागमन पूरी तरह सामान्य रहा।
किशनपुर सेंक्चुरी की मैलानी रेंज में आग लगने से करीब 25 हेक्टेयर ग्राउंड फ्लोरा जल गया है। सूचना मिलने पर आग को काबू में कर लिया गया है, जिससे आग अधिक फैल नहीं सकी।
- संजय पाठक, मुख्य वन संरक्षक/ फील्ड निदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !