मैलानी। बाइक चालक ने सामने से आ रही साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक के गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्राम पंचायत सुवाबोझ में राजामंडी से कपरहा कुआं जाने वाले मार्ग पर सोमवार को यह हादसा हुआ। कपरहा कुआं सुरजनपुर निवासी आशीष कुमार ने बताया कि उसके चाचा रिटायर्ड रेलकर्मी राम सुभग मौर्य (70) कपरहा कुआं से राजामंडी जा रहे थे कि सुबह लगभग 11 बजे सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर, मुंह आदि में चोटें आईं। बाइक को ग्राम सुरजनपुर पांच नंबर निवासी हेमंत पुत्र श्रीचंद्र चला रहा था। दुर्घटना के बाद हेमंत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक और साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गईं और बाइक चालक को भी मामूली चोटें आने बात पता चली है। मामले की नामजद तहरीर मृतक के भतीजे आशीष कुुमार ने थाने में दे दी है। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद
बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के पीलीभीत बस्ती राजमार्ग पर चमारनपुरवा गांव के पास बाइक सवार युवक को बस ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के पीलीभीत बस्ती राजमार्ग पर चमारनपुरवा गांव के पास बाइक सवार युवक को बस ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार को करीब शाम 4 बजे सलीम (30) पुत्र शहीद खां निवासी मोतीपुर जनपद बहराइच अपनी मोटरसाइकिल से लखीमपुर की तरफ जा रहा था। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के चमारनपुरवा गांव के पास सामने से बहराइच की तरफ जा रही बस ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सलीम की मौके पर ही मौत हो गई और बस चालक भाग गया। बस उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बताई जा रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे धौरहरा कोतवाली के विजय कुमार पांडेय ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। संवाद
-
आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, दंपती समेत चार घायल
बिजुआ। लखीमपुर-भीरा स्टेट हाईवे पर गुलरिया मिल के सामने दो बाइकों की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक बाइक चालक की हालत गंभीर है। किसी ने हेलमेट भी नहीं लगाया था।
हादसा सोमवार शाम छह बजे के बाद का है। भीरा थाना क्षेत्र के रामनगर कलां निवासी मगत राम पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर ससुराल गोंधिया जा रहे थे। जैसे ही वह गुलरिया मिल के पास पहुंचे, उसी समय विपरीत दिशा से गुलरिया निवासी अमर रस्तोगी केटीएम मॉडल बाइक से मिल गेट से घर की ओर आ रहे थे। दोनों चालकों में से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थीं और अनियंत्रित होकर आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे में अमर के सिर पर चोट आई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मगत राम व उनके बच्चों को चोटें आई हैं। घायलों को एंबुलेंस से बिजुआ अस्पताल लाया गया, यहां पर एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। संवाद
-
बाइक की टक्कर से वृद्ध घायल
संसारपुर। गोला खुटार मार्ग पर संसारपुर कस्बे में आमने-सामने दो बाइक की टक्कर में बाइक पर पीछे बैठा वृद्ध घायल हो गया। ग्राम काकोरी निवासी मनोहरलाल (65) बाइक से अपने पुत्र नन्हे के साथ सोमवार दोपहर आर्यावर्त बैंक शाखा संसारपुर रुपये निकालने आ रहे थे। तभी गोला की ओर से तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे मनोहर लाल सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद बाइक सवार युवक तुरंत मौके से भाग गए। मनोहरलाल ने अपना उपचार एक निजी चिकित्सक के वहां कराया। संवाद