लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए कलक्ट्रेट और ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र बुधवार से जमा किए जाएंगे। नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रत्याशियों की भीड़ रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग कराई है।
कलक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, जिसके लिए चार न्यायालयों में ब्लॉकवार काउंटर बनाए गए हैं। डीएम न्यायालय में ब्लॉक लखीमपुर, पसगवां, निघासन के सभी वार्डों के प्रत्याशी नामांकन जमा करेंगे। एसडीएम सदर न्यायालय में ब्लॉक रमियाबेहड़, बांकेगंज, नकहा, मोहम्मदी के सभी वार्डों के प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। अतिरिक्त एसडीएम न्यायालय में ब्लॉक कुंभी, पलिया, बिजुआ, धौरहरा के प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा करेंगे।
उप संचालक चकबंदी न्यायालय में ब्लॉक मितौली, फूलबेहड़, ईसानगर, बेहजम के सभी वार्डों के प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा करेंगे। जबकि प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जमा करने के लिए सभी 15 ब्लॉक मुख्यालयों पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। दो दिन में सभी प्रत्याशियों को नामांकन पत्र दाखिल करने हैैं, जिससे भीड़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ब्लॉक मुख्यालयों को जाने वाले मार्गों पर भी बैरियर लगाए हैं। इन बैरियर पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
नौ और दस अप्रैल को होगी नामांकन पत्रों की जांच
नामांकन पत्रों के जमा होने के बाद नौ और दस अप्रैल 2021 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 11 अप्रैल को उम्मीदवार नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसी दिन प्रतीक चिन्ह बांटे जाएंगे। इसके बाद 19 अप्रैल 2021 को 4495 पोलिंग बूथों पर मतदान कराया जाएगा।
मास्टर्स ट्रेनर्स को बताईं
चुनाव की बारीकियां
- 24,400 कर्मियों को डीएस इंटर कॉलेज में आठ अप्रैल से दिया जाएगा प्रशिक्षण
लखीमपुर खीरी। पंचायत चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी समेत मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर्स ट्रेनर्स को मंगलवार को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें प्रशिक्षण अधिकारियों ने मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व बारीकियों के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण अधिकारी राजकिशोर ने मतदान के दौरान मतपत्रों के वितरण से लेकर मतपेटी में मतपत्र डलवाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। इसके बाद भी लाइन में लगे मतदाताओं को पर्ची देकर मतदान कराया जाएगा।
कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण आठ अप्रैल से
लखीमपुर खीरी। पंचायत चुनाव के लिए 24,400 मतदान कर्मियों को डीएस इंटर कॉलेज में आठ अप्रैल 2021 से प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो अलग-अलग चरणों में 15 अप्रैल 2021 तक चलेगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी समेत तीन मतदान अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कुल 4495 पोलिंग बूथों पर मतदान कराया जाएगा। साथ ही रिजर्व ड्यूटी वाले कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मोहम्मदी में 12 काउंटरों पर जमा होंगे नामांकन पत्र
मोहम्मदी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 12 काउंटर बनाए गए हैं।
बीडीओ धर्मेश पांडे ने बताया कि विकास खंड में 12 न्याय पंचायत हैं, प्रत्येक न्याय पंचायत के लिए एक काउंटर बनाया गया है, जिसकी जिम्मेदारी एक सहायक निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई है। बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ब्लॉक गेट से बैरिकेडिंग की गई है, जिसमें प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक ही अंदर प्रवेश कर सकेंगे। बिना मास्क ब्लॉक परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
पसगवां में 14 काउंटर बनेंगे
पसगवां। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए 14 काउंटर बनाए गए हैं। बीडीओ अमित सिंह ने बताया कि प्रत्येक न्याय पंचायत के लिए एक काउंटर बनाया गया है, जिसकी जिम्मेदारी एक सहायक निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई है। बीडीओ ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोहम्मदी, जंगबहादुरगंज मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। संवाद