Lakhimpur Kheri : शादी वाले घरों और कारोबारियों की कोरोना संक्रमण ने बढ़ाईं मुश्किलें

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
मैरिज लॉन और होटल बुक कराने, आमंत्रण देने में लोग एक बार फिर दुविधा में
लोगों में भय, कहीं बढ़ते संक्रमण से इस बार भी न फिर जाए मंसूबों पर पानी
22 अप्रैल से शुरू हो रहा है सहालग, कारोबारियों को भी मिल रहा आधा पेमेंट
लखीमपुर खीरी। सहालग 22 अप्रैल से शुरू होने जा रहे हैं। मगर कोरोना संक्रमण को लेकर सहालग कारोबारियों से लेकर वह लोग भी असमंजस में हैं, जिनके घरों में समारोह होना है। ऐसे में लोग मैरिज लॉन और होटल बुक कराने को लेकर दुविधा में हैं। उनके मन में बरात घर बुक कराने से लेकर मेहमान की संख्या कितनी रखी जाए, इसकी उधेड़बुन चल रही है। उधर, सहालग को लेकर गाइडलाइन जारी न होने से मैरिज लॉन और होटल संचालकों में मेहमानों की संख्या को लेकर चिंता सता रही है।
पिछले साल सहालगी कारोबार कोरोना की भेंट चढ़ गया था। गर्मी की सहालग तीन माह के लॉकडाउन में बीत गई। वहीं सर्दी के सीजन में कोरोना संक्रमण को लेकर जारी गाइड लाइन भारी पड़ी। कोरोना काल में पिछले साल के शादी बरात के कार्यक्रमों का हाल देखकर अभी तक लोग सहमे हुए हैं। लोगों को डर है कि संक्रमण के बढ़ते मामले से कहीं इस बार भी सारे मंसूबों पर पानी न फिर जाए। बरात घर और होटल बुक कराने के दौरान लोग सिर्फ टोकन मनी देकर शादी समारोह निपटाने का वादा मांग रहे हैं।


घरवालों की बढ़ी चिंता
जिनके यहां शादी समारोह है उनके घरवालों की संक्रमण के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। घरवाले बरात घर एवं होटल बुक करने से लेकर मेहमानों की संख्या को लेकर बेहद चिंतित हैं। इनका कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों का अंदाजा लगना मुश्किल है। लोगों का कहना है कि दूसरे राज्यों की स्थिति को देखते हुए कुछ समझ नहीं आ रहा।
जिले में कुल बरात घर व होटल- करीब 200
22 अप्रैल से सहालग शुरू हो रही है। हालांकि बुकिंग मिल रही हैं, लेकिन लोगों में खौफ भी है। मई आदि की बुकिंग के लिए लोग एडवांस देने से घबरा रहे हैं। समारोह में कितने लोग शामिल होंगे। इसको लेकर असमंजस की स्थिति है।
-योगेश जोशी, सौभाग्य पैलेस
कोरोना की मार से होटल कारोबार अभी तक उबर नहीं पाया था। उम्मीद थी कि इस बार सीजन अच्छा होगा। मगर बढ़ते संक्रमण ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। इससे होटल कारोबार को फिर से झटका लगेगा।



- विवेक कपूर, कंफर्ट इन होटल
सहालग को लेकर बुकिंग चल रही हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए लोग सर्दी में समारोह करने का मन बना रहे हैं। इससे लोग सर्दियों की तारीख बुक करवा रहे हैं। समारोह के दौरान शासन की गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन होगा।
- धर्मेंद्र राघव, मैनेजर फन मॉल
कोरोना से लोग डरे हुए हैं। इसलिए बरात घर की बुकिंग कराने से बच रहे हैं। कहीं न कहीं लोगों में पाबंदियों और लॉकडाउन का डर बना हुआ है। हालांकि सहालग को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। समारोह में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा।
- नरेंद्र रस्तोगी, आशीर्वाद मैरिज लॉन मोहम्मदी

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !