बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंक्चुरी की चलतुआ बीट जंगल के रास्ते में गश्त कर रही वन कर्मियों की टीम ने बाघिन के बीमार होने की आशंका के चलते पार्क प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद उसकी निगरानी बढ़ा दी गई है।
सोमवार सवेरे गश्त कर रही वन कर्मियों की टीम को जंगल के पास रास्ते के किनारे एक बाघिन काफी सुस्त बैठी दिखाई दी, वन कर्मियों के पास से निकलने के बाद भी उसने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। इससे उन्हें आशंका हुई कि वह घायल है। इसी आशंका के चलते पार्क प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पार्क अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर दूरबीन से बाघिन की गतिविधियों का अवलोकन किया। जिससे पता चला कि बाघिन के शरीर पर कहीं कोई चोट या घाव के निशान नहीं है। अंदेशा है कि वह बीमार हो सकती है। इसे देखते हुए उसकी निगरानी शुरू कर दी है। उस पर नजर रखने के लिए कैमरे भी लगाए गए हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक संजय पाठक, दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक मनोज सोनकर भी चलतुआ जंगल पहुंचे। बताया-बाघिन सामान्य दिख रही है फिर भी उसकी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवाद