Lakhimpur Kheri : बसों में बिना मास्क के सफर कर रहे मुसाफिर

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण के मामले निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। फिर भी हर तरफ लापरवाही बरती जा रही है। न तो लोग मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। ऐसे में कभी भी जिले के हालात बिगड़ सकते हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को निजी बस ऑपरेटरों के साथ वर्चुअल बैठक में बसों को सैनिटाइज कराने, यात्रियों को मास्क लगाकर ही यात्रा करने के लिए प्रेरित करने और बिना मास्क यात्रियों को नो प्रॉफिट नो लॉस पर मास्क मुहैया कराने के निर्देश दिए थे। मगर, सोमवार को न तो डीएम के निर्देशों का पालन रोडवेज बसों में होता दिखाई दिया और न ही निजी बसों में।



मुसीबत में डाल सकता है बिना मास्क सफर
दूसरे राज्यों से लोगों को आना-जाना जारी है। सोमवार को लखनऊ जाने वाली बस के यात्रियों में लापरवाही दिखी। बिना मास्क सफर करना मुसीबत में डाल सकता है।

निजी बसों में भी यात्री बेफिक्र
सोमवार को निजी बस ऑपरेटरों पर डीएम का निर्देश बेअसर रहा। पलिया से खजुरिया जा रही बस में लोग बिना मास्क लगाए बैठे मिले। न तो यात्रियों को अपनी सुरक्षा की चिंता थी और न ही बस ऑपरेटरों को। यात्री बेफिक्र हो कर यात्रा कर रहे हैं।


बिना मास्क अल्ट्रासाउंड कराने आई महिलाएं
महिला अस्पताल में ओपीडी से लेकर अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने तक रोजाना भीड़ लगती है। मगर, जागरूकता के अभाव में गर्भवती महिलाएं न तो मास्क लगाती हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन करती हैं।
-
डीएम साहब की बैठक में मास्क और सैनिटाइजर के निर्देश मिले थे, जिनका पालन कराने के लिए चालक-परिचालकों को अवगत करा दिया है कि स्वयं मास्क लगाएं और यात्रियों को भी उपलब्ध कराएं। बसों को सैनिटाइज करने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
-इंद्रजीत सिंह गिल, बस मालिक


बस अड्डे पर उमड़ रही नेपालियों की भीड़
पलियाकलां। दूसरे राज्यों में कोविड-19 का प्रकोप बढ़ने पर वहां काम कर रहे नेपाली अपने देश लौटने लगे हैं। बता दें कि दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य महानगरों में तमाम नेपाली काम करते हैं। कोरोना का प्रकोप बढ़ते ही सभी नेपाल लौटने लगे हैं। गौरीफंटा, चंदनचौकी, खजुरिया आदि रूट पर चल रहीं निजी बसों में नेपालियों की भीड़ उमड़ रही है। बाहर से आ रहे नेपालियों के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका है। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !