Lakhimpur Kheri : ऑक्सीजन के संकट से बिगड़े हालात

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

 लखीमपुर खीरी।  


Lakhimpur Kheri :ऑक्सीजन के संकट से बिगड़े हालात

कोरोना संक्रमण के साथ सांस के मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है, जिससे कोविड अस्पताल के हालात बिगड़ने लगे हैं। जिला प्रशासन ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा कर रहा है, लेकिन मौजूदा स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। कोविड अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों से खुद सिलिंडर लाने के लिए कहा जा रहा है।

उधर, शिखर हॉस्पिटल में ऑक्सीजन खत्म हो जाने पर भर्ती मरीज दूसरे अस्पतालों की ओर रुख कर रहे हैं या फिर तीमारदार पीड़ितों के लिए खुद सिलिंडर की व्यवस्था कर रहे हैं।

ऑक्सीजन की स्थिति एक बार फिर से बिगड़ने लगी है।

 तीमारदार मरीजों के लिए एक-एक सिलिंडर के लिए दर दर भटक रहे हैं। सोशल मीडिया पर सिलिंडर दिलाने की विनती कर रहे हैं। इसके विपरीत जिला प्रशासन का दावा है कि कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था है। मगर हकीकत रविवार को उस वक्त देखने को मिली जब एक संक्रमित महिला के पुत्र से खुद ऑक्सीजन की व्यवस्था करके लाने को कहा गया।

उधर, शनिवार रात शिखर हॉस्पिटल में ऑक्सीजन न होने से हाहाकार मच गया। मरीजों की जान बचाने के लिए तीमारदार सिलिंडर की व्यवस्था कराने के लिए जान पहचान वालों को फोन करते रहे, लेकिन इंतजाम न हो पाने पर तमाम तीमारदार अपने मरीजों को लेकर दूसरे अस्पतालों में चले गए।

.

ऑक्सीजन के अभाव में जनरल वार्ड हुआ खाली

जिला प्रशासन ने जिस निजी हॉस्पिटल को कोविड अस्पताल बनाया है, वहां पर न तो ऑक्सीजन है और न ही डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ। कुछ डॉक्टर संक्रमित होने के कारण होम क्वारंटीन हैं तो कुछ डर के कारण घर बैठ गए हैं। ऑक्सीजन और डॉक्टर न होने पर तीमारदार मरीजों की जान बचाने के लिए अस्पताल छोड़ने लगे हैं। रविवार दोपहर तक करीब 8-10 मरीज अस्पताल छोड़कर चले गए। एक तीमारदार ने बताया कि न तो डॉक्टर हैं और न ही ऑक्सीजन इसलिए अस्पताल के लोग ही मरीज की जान बचाने के लिए दूसरी जगह जाने की सलाह दे रहे हैं। लिहाजा तमाम मरीज अस्पताल से जा चुके हैं।


.

108 एंबुलेंस के ऑक्सीजन सिलिंडर भी खाली

कोरोना संक्रमित मरीज हों या फिर गंभीर घायल। इनकी सांसों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। एंबुलेंस के ऑक्सीजन सिलिंडर खाली हो चुके हैं। स्टाफ का कहना है कि एंबुलेंस के लिए ऑक्सीजन जीवीके कंपनी मुहैया कराती थी। मगर, पिछले कुछ दिनों से सिलिंडर ही नहीं मिले। ऐसे में मरीजों की सांसों पर संकट खड़ा हो गया।

.

ऑक्सीजन के लिए भटक रहे निजी एंबुलेंस चालक

निजी एंबुलेंस चालक भी ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए भटक रहे हैं। मगर, सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एक एंबुलेंस चालक ने बताया कि शहर में तीन ऑक्सीजन की एजेंसी है। मगर, देने के लिए डीएम साहब से बात करने को कहते हैं। ऑक्सीजन न मिलने से पिछले कई दिनों से काम धंधा सब बंद है।

.

अस्पताल के पास सिर्फ 14 ऑक्सीजन सिलिंडर हैं। कुछ अन्य लोगों से मांगे थे। रविवार को खाली 20 सिलिंडर भरवाने के लिए प्रशासन को मुहैया कराए हैं। भर्ती मरीजों की दिक्कत को देखते हुए 25 सिलिंडर लखनऊ से भरे मंगाए हैं। कई डॉक्टर एवं स्टाफ संक्रमित होने के कारण होम क्वारंटीन हैं, जिससे मरीजों को भर्ती करने में दिक्कत आ रही है।

-रमेश अग्रवाल, प्रबंधक शिखर हॉस्पिटल

.

फिलहाल ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। कोविड एवं जिला अस्पताल में इमरजेंसी के लिए अतिरिक्त सिलिंडर रखवा दिए गए हैं। 108 एवं 102 एंबुलेंस को भी सिलिंडर दिए जा रहे हैं।

-सुनील रावत, ड्रग इंस्पेक्टर

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !