Lakhimpur Kheri :कोरोना कर्फ्यू: 11 दिन में 134 करोड़ का प्रभावित

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
लखीमपुर खीरी। सहालग का सीजन चल रहा है। मगर, कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सूबे में कर्फ्यू लगा है। कोरोना की रफ्तार रोकने के लिए पहले एक दिन के लिए कर्फ्यू लगा, लेकिन संक्रमितों की संख्या को देखते हुए इसे बढ़ाकर पांच दिन का कर दिया है। शादी के सीजन में कर्फ्यू की बढ़ती अवधि से सहालग कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। सराफा, किराना, ऑटोमोबाइल, कपड़ा आदि बाजार पर गहरी मार पड़ी है। 11 दिन में 134 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है।
कोविड-19 के चलते पिछले साल भी सहालग का सीजन चौपट हो गया था। तीन माह के लॉकडाउन और उसके बाद अनलॉक में शादी बरात पर लगी पाबंदियों ने इससे जुड़े कारोबार को मटियामेट कर दिया। कुछ ऐसे ही हालत इस साल भी बन गए हैं। मांगलिक कार्यों की शुरूआत 22 अप्रैल से हो गई। इसके कुछ दिन बाद ही कोरोना वायरस ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए सरकार शादी बारात पर पाबंदिया लगा दी। इसके बाद भी जब संक्रमितों की संख्या कम न हुई तो योगी सरकार ने पहले एक दिन, फिर दो दिन और उसके बाद तीन दिन का कर्फ्यू लगा दिया। मगर, इस सप्ताह कोरोना कर्फ्यू की समयसीमा बढ़ाकर पांच दिन कर दी। ऐसे में अब बाजार यदि पांच दिन बंद रहने के साथ दो दिन ही खुलेगा। सहालग के मौसम में पांच दिन की बंदी से कारोबारियों के लिए मुसीबत बनने लगी है। व्यापारियों का कहना है कि शादी ब्याह के सीजन का बेसब्री से इंतजार रहता है, क्योंकि इसमें कारोबार अच्छा रहता है। इन दिनों में हर चीज की मांग बढ़ जाती है, लेकिन पांच दिन के कर्फ्यू ने सब चौपट कर दिया है।

कोरोना कर्फ्यू में किस कारोबार को कितना नुकसान
ऑटोमोबाइल्स- 20 करोड़
कपड़ा कारोबार- 14 करोड़
सराफा कारोबार- 25 करोड़
बर्तन कारोबार- 15 करोड़
किराना कारोबार-60 करोड़
विभिन्न कारोबारियों से बातचीत पर अनुमानित धनराशि
शादी में कपड़ों की जमकर खरीदारी होती है। सहालग के सीजन में फिर कोरोना ने कहर बरपा शुरू कर दिया। चेन तोड़ने के लिए लगे कर्फ्यू से व्यापार प्रभावित हो रहा है। - विकास सेठ कपड़ा कारोबारी
सहालग में बर्तन आदि की खूब खरीदी होती है। मगर, कोरोना कर्फ्यू के कारण करीब 11 दिन बाजार बंद रहा। आगे भी खुलने की उम्मीद कम ही है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। - युवराज बर्तन कारोबारी
सहालग में दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री ज्यादा होती है। मगर, लग्न शुरू होने के बाद बढ़ते कोरोना कर्फ्यू ने पिछले साल की तरह इस बार भी कारोबार पर ग्रहण लगा दिया है। - देश दीपक अग्रवाल ऑटोमोबाइल कारोबारी

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !