धौरहरा। शांति भंग की आशंका के मुल्जिमों की डॉक्टरी कराने सीएचसी खमरिया पहुंचे एक सिपाही की खमरिया सीएचसी के डॉक्टर से कहासुनी हो गई। सिपाही ने चौकी इंचार्ज को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद अस्पताल पहुंचे खमरिया चौकी प्रभारी पर चिकित्सक ने कॉलर पकड़ने का आरोप लगाया।
थाना ईसानगर क्षेत्र की खमरिया चौकी में तैनात सिपाही नीरज कुमार बुधवार को सरैयां गांव के मुल्जिमों की डॉक्टरी कराने अस्पताल पहुंचे। जहां मौजूद डॉ. पंकज कुमार से उनका कुछ वाद विवाद हो गया। तब सिपाही नीरज ने खमरिया चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि डॉक्टर और उनमें भी कहासुनी हो गई।
डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सिपाही अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया था। वहीं चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि डॉक्टर ने सिपाही से अभद्रता की थी। सिपाही की सूचना पर जब वह पहुंचे तो डॉक्टर नशे में थे। बाद में मामला अन्य लोगों के समझाने पर शांत हो गया। इस मामले में किसी भी ओर से कोई लिखापढ़ी नहीं की गई है।
Lakhimpur Kheri : खमरिया सीएचसी में डॉक्टर और पुलिस में नोकझोंक
May 26, 2021