राहत की बात : मेडिकल, आयुष्मान व इमरजेंसी वार्ड में सिर्फ 28 मरीज हैं भर्ती
20 दिन पहले बेड और ऑक्सीजन की मांग को लेकर वार्डों में मची थी मारामारी
लखीमपुर खीरी। करीब एक महीने बाद जिला अस्पताल में बेड और ऑक्सीजन की मांग को लेकर वार्डों में होने वाली मारामारी फिलहाल शांत है। मेडिकल महिला एवं पुरुष से लेकर आयुष्मान और इमरजेंसी वार्ड में 72 बेड खाली हैं, अस्पताल में सिर्फ 28 मरीजों का इलाज हो रहा है।
22 अप्रैल से लेकर सात कई तक जिला अस्पताल के हर वार्ड में बेड से लेकर ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए इस कदर मारामारी थी कि आए दिन स्टाफ और तीमारदारों में विवाद होता रहता था। सिलिंडर की कमी के कारण जगसड़ में मरीज न लिए जाने पर सीएमएस को अस्पताल का नेत्र विभाग कोविड वार्ड बनाना पड़ा था। सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की बढ़ती संख्या से बेड मिलना तक मुश्किल था। तीमारदार मरीज को जमीन पर लिटाकर इलाज कराने को मजबूर थे। मगर, पिछले 15 दिन से हालात एकदम बदल गए हैं। इससे अस्पताल परिसर में शांति है।
अभी ऑक्सीजन का है पर्याप्त स्टॉक
सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में ऑक्सीजन का स्टॉक पर्याप्त है। उन दिनों तो हालात यह थे कि दिन में दो से तीन बार गाड़ी बाराबंकी ऑक्सीजन लेने भेजी जा रही थी। अब 25 से 30 सिलिंडर खाली हो जाने पर ही भरने के लिए बाराबंकी भेजते हैं। फिलहाल तो
मरीजों की संख्या ही बहुत कम है।
वार्ड बेड मरीज
मेडिकल पुरुष- 40- आठ
मेडिकल महिला 40 आठ
इमरजेंसी 10 आठ
आयुष्मान 10 चार
दूसरी लहर का प्रकोप देखते हुए लोग भी जागरूक हुए हैं। अब बहुत कम ही लोग बिना मास्क दिखते हैं। जागरूकता के कारण मरीजों की संख्या में भी तेजी से कमी आई है। उधर, जांच भी हो रही है। संक्रमित मिलने वालों को घर में ही दवाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
- डॉ. आरसी अग्रवाल, सीएमएस, जिला अस्पताल
Lakhimpur Kheri :जिला अस्पताल के कई वार्डों में बेड हुए खाली
May 23, 2021