Lakhimpur Kheri : ब्लॉक मितौली के छह, पसगवां के एक और रमियाबेहड़ के एक प्रधान नहीं ले सके शपथ

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

ब्लॉक मितौली के छह, पसगवां के एक और रमियाबेहड़ के एक प्रधान नहीं ले सके शपथ

रमियाबेहड़ की ग्राम पंचायत खरवहिया नंबर दो के प्रधान जिला अस्पताल में भर्ती लखीमपुर खीरी। जनपद में मंगलवार को 763 ग्राम पंचायतों में प्रधानों और सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई जानी थी, जिसमें से 755 प्रधानों और सदस्यों ने वर्चुअल शपथ ग्रहण की है। वहीं तीन ब्लॉकों, मितौली की छह, पसगवां की एक और रमियाबेहड़ की एक ग्राम पंचायत के प्रधान शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो सके हैं, जिन्हें बुधवार को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। रमियाबेहड़ की ग्राम पंचायत खरवहिया नंबर दो के प्रधान गंभीर बीमारी के चलते जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखे गए हैं, जिन्हें भी बुधवार को शपथ ग्रहण कराने की बात डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने कही है।
जनपद में कुल 1165 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद पर चुनाव कराया गया था, जिनमें से दो नवनिर्वाचित प्रधानों की विभिन्न कारणों से मौत हो चुकी है। इनमें से 765 ग्राम पंचायतों में सदस्यों का कोरम (दो तिहाई सदस्य) पूरा होने के चलते इन्हें संघटित पंचायतों की श्रेणी में रखा गया है, जिससे इनके प्रधानों और सदस्यों को मंगलवार से बुधवार तक शपथ ग्रहण करने का समय दिया गया है, जबकि 400 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई सदस्य निर्वाचित न होने के कारण यह असंघटित रह गई है, जिससे इनके प्रधानों और सदस्यों को शपथ ग्रहण में शामिल नहीं किया गया है।

765 ग्राम पंचायतों में से धौरहरा ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों के प्रधानों को मिले प्रमाण पत्र में अंकित नाम में त्रुटि होने के कारण इन्हें शपथ ग्रहण में शामिल नहीं किया गया है, जबकि मितौली के छह, पसगवां के एक और रमियाबेहड़ की एक ग्राम पंचायत के प्रधान और सदस्य नेटवर्क की समस्या के चलते शपथ ग्रहण नहीं कर सके हैं। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि मंगलवार को 763 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों की शपथ ग्रहण कराई जानी थी, जिसमें आठ ग्राम पंचायतों के प्रधान शपथ ग्रहण नहीं कर पाए हैं। अब इन्हें बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी।
पलियाकलां। वर्चुअल माध्यम से बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने सभी ग्राम प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कई ग्राम प्रधानों ने पंचायत भवन तो कई ने गांव में बने सरकारी स्कूलों में पहुंचकर शपथ ग्रहण की। सभी जगहों पर ब्लॉक की तरफ से लोगों को भेजा गया था।

सदर ब्लॉक में नायब तहसीलदार ने दिलाई शपथ

लखीमपुर खीरी। सदर ब्लॉक के नवनिर्वाचित प्रधानों व सदस्यों को नायब तहसीलदार ओपी वर्मा ने शपथ दिलाई। उन्होंने 57 प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई। नकहा ब्लॉक में बीडीओ संतोष सिंह ने 38 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई, जबकि बेहजम ब्लॉक में भी बीडीओ संतोष सिंह ने 34 प्रधानों व उनके सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई है।

कल होगी पंचायत समिति की प्रथम बैठक

कुल संघटित 765 ग्राम पंचायतों में से 755 पंचायतों के प्रधानों और सदस्यों ने शपथ ग्रहण कर ली हैै, जिसके बाद बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित प्रधानों की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत समिति की बैठक कराई जाएंगी। इस बैठक के बाद से अगले पांच वर्षों तक ग्राम पंचायतों की कार्यकाल अवधि निर्धारित मानी जाएगी। वहीं जिन 400 ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण नहीं हो सका है, जिससे उनमें पंचायत समिति की पहली बैठक में विलंब होना तय है। इससे 1165 ग्राम पंचायतों के कार्यकाल अवधि में भिन्नता आएगी।

बांकेगंज में 43 प्रधानों ने ली वर्चुअल शपथ

बांकेगंज। विकास खंड सभागार में बीडीओ एके सिंह ने ब्लॉक क्षेत्र की 50 ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित 43 प्रधानों और सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण में छह पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान सराय रमुआपुर, शिवपुर सांडा, बुधेली नानकार, हरदुआ, रोशननगर और कोरैया लोहरना पंचायतों में निर्धारित कोरम से कम सदस्य चुनकर आने से संबधित पंचायतों का गठन न होने पर यहां के प्रधान शपथ नहीं ले सके। इसको लेकर संबधित पंचायतों के प्रधानों में मायूसी है। संवाद

सांसद के ससुर ने ली ग्राम प्रधान पद की शपथ

पसगवां। विकास खंड अंतर्गत 88 ग्राम पंचायत प्रधानों और सैकड़ों ग्राम पंचायत सदस्यों को बीडीओ अमित सिंह ने शपथ दिलाई। सांसद और भाजपा उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा के ससुर ने भी प्रधान पद की शपथ ली। बीडीओ ने बताया कि शपथ चार चरणों में दिलाई गई। एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न होने पर 21 ग्राम पंचायतों में प्रधानों और सदस्यों को शपथ नही दिलाई जा सकी। संवाद

गोला में तहसीलदार ने दिलाई 48 प्रधानों और सदस्यों को शपथ

गोला गोकर्णनाथ। ब्लॉक मुख्यालय कुंभी गोला सभागार में तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी ने ब्लॉक की 74 ग्राम पंचायतों में से संगठित 48 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को वर्चुअल पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ब्लॉक बांकेगंज की ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट के गांव द्वारिकागंज स्थित प्राथमिक विद्यालय में तीसरी बार निर्वाचित प्रधान नजमा खान और 15 में 11 ग्राम पंचायत सदस्यों ने शपथ ग्रहण की।
लखीमपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत करनपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान रिंकी देवी, ग्राम पंचायत चोरहा में ग्राम पंचायत अधिकारी शालिनी शर्मा ने ग्राम प्रधान रेशमा देवी, निपनियां में प्रधान गीता देवी, घुंग्घुची रजागंज में प्रधान मनोरमा देवी, सौंठन में प्रधान अरविंद वर्मा, बिझौली में प्रधान उमाशंकर गौतम, बेहटा में प्रधान शोभना मिश्रा, मुर्तिहा में प्रधान एहतिशाम खां सज्जन, नौवाखेडा में प्रधान राजकुमार ने शपथ ली।
ममरी। ग्राम पंचायत ममरी के प्रधान रामनरेश वर्मा, बेहड़ा मुल्तान के प्रधान सर्वेश कुमार, हैदराबाद के प्रधान आजाद अली, परेली के प्रधान बालगोविंद वर्मा, अहमदनगर के प्रधान सुनीता गुप्ता ने वर्चुअल शपथ ली।
संसारपुर। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत संसारपुर में प्रधान सुनीता देवी एवं 15 पंचायत सदस्यों को ब्लॉक के वरिष्ठ सहायक लेखाकार राजेश कुमार गुप्ता ने शपथ दिलाई।
भीखमपुर। ब्लॉक कुंभी की ग्राम पंचायत मोहम्मदाबाद में ग्राम विकास अधिकारी ललित वर्मा ने प्रधान पुष्पा देवी, पंच नीरज मिश्र, रेनू सिंह, जेजेराम, महिपाल, रामभजन, धनीराम, प्रमोद कुमार, रामवेटी, अनिल, निर्मला, आरिफ को शपथ दिलाई। चठिया मदनी में प्रधान अजय कुमार मौर्या, पंच मोनी देवी, सर्वजीत सिंह, प्रियंका देवी, संकटा प्रसाद, प्रदीप कुमार, सोनेश्री, संध्या ने शपथ ली।
कुकरा। ग्राम पंचायत कुकरा की प्रधान रहनुमा चौधरी, पंचायत सदस्य अबरारउलहक अंसारी, अख्तर अली अंसारी, आसमुन अंसारी, आसमा अंसारी, जफर खां, नीरज राज, आरिफ खां, एहसान खां, गंगा देवी, सब्बू खां ने शपथ ली।
मितौली में 37 ने शपथ ली और 39 ग्राम पंचायतें मानक नहीं पूरा कर सकीं, उनकी शपथ नहीं हो सकी।
इसके अलावा दो ग्राम पंचायतों के प्रधान शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो सके। महेवागंज में 63 ग्राम प्रधानों ने शपथ ली, जबकि 11 नहीं ले सके। बिजुआ में 80 ग्राम पंचायतों में केवल 48 ही शपथ ले सके, जबकि 32 शपथ नहीं ले सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !