लक्ष्मीनगर कॉलोनी का मामला
गोला गोकर्णनाथ। लक्ष्मीनगर कॉलोनी के एक घर में घुसे चोर कमरों के ताले तोड़कर नगदी, जेवर समेत लाखों का सामान चुरा ले गए। पीड़ित ने दो रिश्तेदारों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कोतवाली में नामजद तहरीर दी है।
मोहल्ला निवासी विवेक चौरसिया ने बताया कि वह एक मेडिकल स्टोर पर काम करते हैं और राममनोहर अवस्थी के मकान में किराए पर रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि परिवार सहित 19 मई की शाम वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने लखीमपुर गए थे।
बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे जब वह लौटे तो मकान के मेन गेट पर ताला लगा था जबकि, अंदर तीन कमरों के ताले टूटे पड़े थे, जहां सामान बिखरा पड़ा था। बताया कि चोर एक लाख से ज्यादा का सामान और जेवर चुरा ले गए हैं। विवेक चौरसिया ने अपने दो रिश्तेदारों सीतापुर जिले के थाना महोली के गांव लालपुर मूड़ा निवासी श्यामजी चौरसिया और खीरी जिले के थाना फरधान बेलपुरवा निवासी कल्लू चौरसिया पर चोरी का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर कोतवाली में दी है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर मिली है, पीड़ित पक्ष ने अपने ही दो रिश्तेदारों पर चोरी का आरोप लगाया है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
Lakhimpur Kheri :दो रिश्तेदारों पर लाखों की चोरी का आरोप, नामजद तहरीर
May 20, 2021