यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ने सदर कोतवाली में दी पुलिस को तहरी
मंडी समिति राजापुर में सरकारी बोरों में पैक 1800 क्विंटल गेहूं की बरामदगी का मामला लखीमपुर खीरी। मंडी समिति राजापुर में शुक्रवार को आरएफसी (संभागीय खाद्य नियंत्रक) संतोष कुमार के छापे के दौरान बरामद 1820.50 क्विंटल गेहूं के मामले में यूपीएसएस के जिला प्रबंधक वेदप्रकाश निगम ने क्रय केंद्र प्रभारी समेत तीन लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो आरोपी नामजद किए गए हैं, जबकि तीसरा आरोपी अज्ञात में दर्ज है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक प्रभातेश कुमार करेंगे।
जिला प्रबंधक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि आरएफसी ने यूपीएसएस के क्रय केंद्र की जांच की थी, जिस दौरान केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार द्विवेदी मौजूद थे। केंद्र प्रभारी ने केंद्र पर हुई गेहूं खरीद के बारे में बताया था कि 16209.50 क्विटंल खरीद की गई, जिसके सापेक्ष 16191 क्विंटल डिलीवरी एफसीआई गोदाम भेजने के बाद केंद्र पर 18 क्विंटल गेहूं गोदाम में शेष है। चबूतरा नंबर छह पर सरकारी बोरियों में लगे स्टॉक के बारे में आरएफसी ने पूछा, तो केंद्र प्रभारी ने बताया कि यह स्टॉक उसके केंद्र का नहीं है। इसी बीच अभिनव गुप्ता उर्फ शानू व अन्य अज्ञात लोग अधिकारियों से अभद्र व्यवहार करते हुए स्टॉक को किसानों का बताकर बहस करने लगे। इसके बाद अधिकारियों का दबाव पड़ने पर वह भाग निकला। उसके बारे में पूछने पर केंद्र प्रभारी ने जान-पहचान होने की बात स्वीकार की।
आरएफसी के निर्देश पर स्टॉक की गिनती कराई गई तो चबूतरे पर 2941 पीपी बोरे लाल रंग की सिलाई के साथ भरा गेहूं पाया गया। बोरियों पर स्टैसिंल (मार्का) था ही नहीं तो कुछ पर बहुत धुंधला था। साथ ही चबूतरे से सटे दो ट्रक यूपी (31 टी 9740 और यूपी 31 टी 1038 में 350-350) पीपी बोरे लदे हुए लावारिस मिले। पता चला यह भी इसी चबूतरे से लोड किए गए थे। कुल 1820.50 क्विंटल गेहूं को मंडी समिति के सुपुर्द किया गया है।
जिला प्रबंधक ने इसे कोविड महामारी के दौरान शासन की सबसे महत्वपूर्ण योजना को विफल करने का प्रयास बताते हुए किसानों के साथ धोखाधड़ी, कालाबाजारी और बिचौलिया के द्वारा खरीद कर सरकारी पैसे को गबन का सुनियोजित षडयंत्र बताया है।
यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ने तहरीर दी थी, जिसके आधार पर आरोपी केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार द्विवेदी, अभिवन गुप्ता उर्फ शानू समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली