दमकल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू
मितौली। थाना क्षेत्र के कचियानी पुरवा गांव में खाना बनाते रसोई गैस सिलिंडर फटने से घर में आग लग गई, जिससे घर के अंदर रखा का सारा सामान जलकर राख हो गया।
कचियानी पुरवा के रहने वाले सुकाली गौतम की पत्नी शनिवार सुबह करीब 11 बजे गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस रिसने लगी और सिलिंडर ने आग पकड़ ली। गैस सिंलिडर में आग लगते ही घर में कोहराम मच गया। शोर मचाते हुए घर के सभी लोग भागकर बाहर आ गए। इसी बीच जोरदार धमाके के साथ गैस सिलिंडर फट गया, जिससे पूरे घर में आग फैल गई। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। लेकिन, जब तक दमकल की गाड़ी पहुंचती तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।वहीं, आग की चपेट में आने से घर के अंदर रखा बिस्तर, चारपाई, अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित सुकाली गौतम ने बताया कि आग से करीब दो लाख से अधिक का नुकसान हुआ, जिसमें 40 हजार रुपये और जेवर आदि भी जल गए। वहीं, सुकाली की बेटी पूजा के हाईस्कूल, इंटर और अन्य प्रमाणपत्र भी जल गए। बताया कि, 20 मई को सुकाली के बेटे विजय की शादी हुई थी। जिसके चलते घर में मेहमान भी मौजूद थे।
Lakhimpur Kheri :खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फटा, घर में लगी आग
May 22, 2021