लखीमपुर खीरी। करीब एक पखवाड़े बाद बुधवार से शराब की दुकानें खुल गईं हैं। पहले दिन दुकान खुलते ही कई शराब दुकानों पर ग्राहकों की लाइन लग गई तो कहीं सन्नाटा पसरा रहा। शहर के मेन बाजार में शराब की दुकानों पर दोपहर बाद ग्राहकों की लाइन लगी रही। शहर के अन्य इलाकों में भी शराब दुकानों पर ग्राहकों की सामान्य तौर पर आवाजाही बनी रही। हालांकि मंगलवार को पड़ोसी जनपदों सीतापुर, हरदोई में शराब दुकानें पर भीड़ लगने की खबरें आई थीं, जिससे यहां भी ऐसी उम्मीद की जा रही थी। लेकिन शराब के शौकीनों ने बिना धैर्य खोए आराम से खरीदारी की।
बांकेगंज में दुकानों पर नहीं दिखी भीड़
बांकेगंज। क्षेत्र में कोरोना कर्फ्यू के चलते पिछले 12 दिन से बंद चल रहीं शराब की दुकानें फिर खुल गईं। बावजूद इसके वहां भीड़ नजर नहीं आई। इससे पहले जहां लोग शराब की दुुकानें खुलने के इंतजार में घंटों खड़े रहते थे, वहीं बंदी के बाद बुधवार को खुली दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही कम रही। सुबह 10 बजे दुकानें खुलने पर इक्का-दुक्का ग्राहक ही आते-जाते रहे। दुकान पर शराब की खरीदारी करने आए ग्राहकों ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में पुलिस की सख्ती के चलते लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं।
सुबह से ही दुकानों पर आने लगे लोग
पलियाकलां। शराब की दुकानों के खुलने की जानकारी जैसे ही ग्राहकों को मिली वो खरीदने के लिए घराें से चल दिए। सेल्समैनों ने भी दुकानों के बाहर गोले बनाकर शराब खरीदने वालों को कोविड की गाइडलाइन का पालन कराया। हालांकि कई दुकानों पर सैनिटाइजर नहीं था।
निर्धारित समयानुसार शराब की दुकानें खोली गईं। सभी दुकानों पर कोविड गाइड लाइन का अनुपालन कराने के निर्देश पहले ही दे दिए गए थे, जिसका असर रहा कि कहीं भीड़ नहीं लगी। ग्राहकों ने भी अफरा-तफरी नहीं की।
-कुलदीप दिनकर, जिला आबकारी अधिकारी।
Lakhimpur Kheri : शराब की दुकानें खुलते ही कहीं लगी लाइन, तो कहीं रहा सन्नाटा
May 12, 2021