एक कपड़े की दुकान पर काम करते थे अचल
गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला कुम्हारन टोला में किराए के मकान में रह रहे एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरंगाबाद निवासी अर्पित गुप्ता ने बताया कि महोली निवासी उसके बहनोई 26 वर्षीय अचल गुप्ता और बहन अंकिता गुप्ता गोला के मोहल्ला कुम्हारन टोला में किराए पर रहते थे। बहनोई अचल गुप्ता एक कपड़े की दुकान पर काम करते थे। दोनों की शादी के पांच वर्ष हो चुके हैं, जिनका ढाई वर्ष का बेटा है। वही अंकिता गुप्ता ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि 25 मई की सुबह उसकी तबीयत खराब हो गई। इसकी सूचना उसने अपने भाई अर्पित गुप्ता को दी।
सुबह आठ बजे पति अचल गुप्ता उसे रोडवेज पर छोड़ने आया और वह अपने मायके चली गई। शाम सात बजे मकान मालिक ने सूचना दी कि उसके पति अचल गुप्ता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। अंकिता गुप्ता का कहना है कि उसके पति ने किस कारणवश आत्महत्या की है, वह नहीं जानती। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शादी से दो दिन पहले पेड़ से लटका मिल युवती का शव
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के भौव्वापुर कलां गांव में शादी से दो दिन पहले 19 वर्षीय युवती का जामुन के पेड़ से फंदा लगा शव मिला।
धौरहरा क्षेत्र के भौव्वापुर कला निवासी फूलचंद भार्गव की 19 वर्षीय पुत्री गूना की शादी 28 मई को होनी थी। बुधवार की सुबह शादी से दो दिन पहले गांव के बाहर हिटलर वर्मा की बाग में जामुन के पेड़ पर उसका फंदा लगा शव मिला। मृतका के पिता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव ने इसे आत्महत्या बताया है। संवाद
Lakhimpur Kheri :किराए पर रह रहे युवक ने फंदा लगाकर दी जान
May 26, 2021