चुनावी सरगर्मियों के बीच सदस्य प्रदेश से बाहर काट रहे मौज

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
भाजपा के ऋषिकेश तो सपा के राजस्थान में मना रहे आनंद
आखिरी दौर में भी सदस्यों को अपने-अपने पाले में लाने की कवायद जारी
सिर्फ अपनी पार्टी का पक्का रंग वाले ही सदस्य हैं इस वक्त जिले में मौजूद
लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का नामांकन भले ही भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हो गया हो, लेकिन तासीर अभी ठंडी नहीं पड़ी है। चुनाव के महज छह दिन शेष रहने से सदस्यों को अपने पाले में करने की कवायद अब भी जारी है। दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी जीत का दावा किया जा रहा है, लेकिन दोनों पक्ष के समर्थक एक दूसरे से काफी दूर हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा के ऋषिकेश तो सपा के समर्थक सदस्य राजस्थान में आनंद मना रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य की कुल 72 सीटों में बहुमत के लिए 37 सीटों का होना जरूरी है, लेकिन बहुमत किसी के पास नहीं है। भाजपा के सात तो सपा के अपने 14 प्रत्याशी हैं, ऐसे में सारा दारोमदार निर्दलियों पर है कि वह सत्ता का कैसा रुख पलट दें।

जिला पंचायत सदस्य का चुनाव तीन जुलाई को है। ज्यादातर सदस्य प्रदेश से बाहर हैं। सूत्र बताते हैं कि भाजपा के पक्ष वाले निर्दलीय सदस्य उत्तराखंड के ऋषिकेश और खटीमा में हैं, जबकि सपा को समर्थन देने वाले सदस्य राजस्थान में। जिले में सिर्फ वह मौजूद हैं जिन पर अपनी-अपनी पार्टी का पक्का रंग चढ़ा है और वह टस से मस नहीं होने वाले। अध्यक्ष पद की इस लड़ाई में पूरा खेल 36 निर्दलियों व बसपा के नौ सदस्यों पर है। असली किंगमेकर यही हैं। बसपा ने भी लगभग यह मान लिया है कि न तो उसके पास बहुमत है और न ही वह लड़ाई में है। सूत्र बताते हैं कि नौ में छह भाजपा की ओर तो तीन सदस्य सपा की ओर हो लिए हैं। हालांकि, संख्या बल बढ़ाने की कवायद दो जुलाई की देर रात तक जारी रहेगी।

हमारे पास 45 की संख्या : भाजपा
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह का दावा है कि उनके पास बहुमत से ज्यादा संख्या है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास 45 सदस्यों की संख्या है। सपा चाहे जो रणनीति बना ले, सब फेल हो जायेगी। बागी सदस्यों के किसके साथ जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बागियों को मना लिया गया है। जल्द ही पार्टी में शामिल कराया जाएगा।

चुनाव में भाजपा को दिख जाएगा आइना : सपा
सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव ने दावा किया कि जिसको जहां सेटल होना था हो गया है। फिर कह रहे हैं हमारे पास बहुमत है। निर्दलियों में सबसे ज्यादा हमारी ही विचारधारा के लोग हैं तो समर्थन किसको मिलेगा। वहीं भाजपा के प्रत्याशी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह मसले को लेकर कोर्ट जाएंगे।

जिला पंचायत के उम्मीदवार कल वापस ले सकेंगे नामांकन
लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए थे, जिसमें भाजपा, सपा के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी भी है। 29 जून को उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकते हैं। उम्मीद है कि निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकती हैं, जिन्होंने सपा प्रत्याशी की डमी कंडीडेट के तौर पर नामांकन कराया था। तीन जुलाई 2021 को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक डीएम कोर्ट में मतदान कराया जाएगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कराकर परिणाम घोषित किए जाएंगे। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !