पटरी दुकानदार से लेकर ठेले वालों के लिए पीएम मोदी ने शुरू की थी स्वनिधि योजना
लखीमपुर खीरी। पटरी दुकानदार से लेकर ठेले वालों के लिए पीएम मोदी ने स्वनिधि योजना शुरू की थी, मगर जिम्मेदारों की उदासीनता और बैंक अधिकारियों की मनमर्जी के चलते जिले में योजना परवान नहीं चढ़ सकी। जिले में पंजीकृत 8235 के सापेक्ष अब तक सिर्फ 4617 लोग ही योजना से लाभान्वित हो पाए हैं।
कोरोना में तीन माह के लॉकडाउन से रोजगार तो सभी का प्रभावित हुआ। मगर, सबसे ज्यादा दिक्क्त रेहड़ी-ठेले वालों को हुई। एक लंबे समय तक काम धंधा बंद होने के कारण इन सभी को रोजी-रोटी तक के लाले पड़ गए। इनके कारोबार को गति देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने स्वनिधि योजना शुरू की थी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद रेहड़ी-ठेले, खोमचे एवं फेरी वालों को 10 हजार रुपये का लोन ऋण सब्सिडी पर उपलब्ध कराना था। शासन ने 12 आसान किस्तों में इस लोन को चुकाने का नियम बनाकर समय से ऋण अदा करने वालों के लिए छूट का प्रावधान किया। मगर, नगर पालिका एवं पंचायत के अधिशाषी अधिकारियों की लापरवाही और बैंक मैनेजरों की मनमानी के कारण जिले में स्थिति बेहद दयनीय है। योजना के तहत ऋण लेने के लिए जिले भर से 8235 लोगों ने आवेदन किया। मगर, बैंक की ओर से सिर्फ 4617 को ही लोन दिया गया।
वंचित वेंडरों को किया जा रहा पंजीकृत
डीएम के निर्देश पर पालिका प्रशासन ने योजना से वंचित वेंडरों को चिह्नीकृत करने के लिए अभियान शुरू किया है। इसके लिए ईओ ने 13 टैक्स विभाग के कर्मचारियों को लगाकर एक एक रोड आवंटित की है।
समय से ऋण अदा करने वालों को मिलेगा 20 हजार का लोन
पीएम स्वनिधि योजना के तहत पहले जहां 10 हजार का ऋण मिला था तो इस बार 20 हजार का मिलेगा। नगरीय विकास अभिकरण के लोगों का कहना है कि जिन वेंडरों ने समय से लोन की किश्त अदा कर दी है। उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण मिलेगा।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत जिन लोगों ने लोन के आवेदन कर रखा है। वह सभी लोग शाखा प्रबंधक से मिलें। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर हमसे मिल सकते हैं। योजना के तहत पात्रों को योजना का लाभ अवश्य मिलेगा। - जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव, आर्यावर्त बैंक लखीमपुर