Lakhimpur Kheri : पंचायत उपचुनाव: 112 पोलिंग बूथों पर 68.48 प्रतिशत हुआ मतदान

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
246 पदों के लिए 474 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटिकाओं में हुई बंद
बांकेगंज में सबसे कम 48 प्रतिशत और फूलबेहड़ में 81.91 प्रतिशत हुआ मतदान
लखीमपुर खीरी। पंचायत उपचुनाव के लिए शनिवार को 112 पोलिंग बूथों पर मतदान कराया गया, जिनमें सुबह 7 बजे से ही मतदाताओं की लाइन लगी। दोपहर में मौसम में बदलाव आने से बूंदाबांदी हुई, लेकिन मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। शाम छह बजे तक कुल 68.48 प्रतिशत मतदान हुआ। बांकेगंज ब्लॉक में सबसे कम 48 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि फूलबेहड़ में सबसे अधिक 81.91 प्रतिशत मतदान हुआ। पलिया में 71.17 प्रतिशत, मोहम्मदी में 73.51 प्रतिशत, मितौली में 68.2 प्रतिशत, पसगवां में 72.3 प्रतिशत, लखीमपुर में 60 प्रतिशत, नकहा में 72.78 प्रतिशत मतदान हुआ है।
कुल 246 पदों के लिए 474 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया है। अब 14 जून 2021 को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी। पलिया ब्लॉक में ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर कालोनी और फूलबेहड़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर में प्रधान पद के लिए मतदान कराया गया। लखीमपुर के सलेमपुर में बीडीसी पद के लिए मतदान हुआ। बांकेगंज ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान हुआ, जबकि मितौली, मोहम्मदी, पसगवां, नकहा में 242 सदस्य ग्राम पंचायत पदों के लिए मतदान किया गया।


पारदर्शी व शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न कराने के लिए उत्तरदाई होंगे जोनल मजिस्ट्रेट : डीएम
लखीमपुर खीरी। सदस्य-जिला पंचायत, सदस्य-क्षेत्र पंचायत, प्रधान-ग्राम पंचायत व सदस्य-ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर मतदान होने के बाद 14 जून को सुबह 8:00 से कार्य की समाप्ति तक होने वाली मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/जिला मजिस्ट्रेट डॉ अरविंद कुमार चौरसिया ने आठ ब्लॉकों में जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
ब्लॉक लखीमपुर में एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह, ब्लॉक फूलबेहड़ में अपर उपजिलाधिकारी पूजा यादव, ब्लॉक नकहा में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ओमप्रकाश अंजोर, ब्लॉक बांकेगंज में एसडीएम गोला अखिलेश यादव, ब्लॉक मोहम्मदी में एसडीएम मोहम्मदी स्वाति शुक्ला, ब्लॉक पसगवां में एसडीएम मितौली दिग्विजय कुमार सिंह, ब्लॉक मितौली में तहसीलदार मितौली अवधेश कुमार, ब्लॉक पलिया में एसडीएम पलिया डॉ अमरेश कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
डीएम ने बताया कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट आवंटित ब्लॉक में मतगणना स्थल पर शांति व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्था व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण उत्तरदाई होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त जोनल मजिस्ट्रेट मतगणना से एक दिन पूर्व 13 जून को आवंटित ब्लॉक के लिए निर्धारित मतगणना केंद्र का भ्रमण कर सभी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ले।

सुंदरवल। फूलबेहड़ ब्लॉक के मोहम्मदपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। वहीं मकसोहा, श्रीनगर, जंगल नंबर 11, मुड़िया खुर्द, चौरठिया, पयाग में पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले गए। सीओ धौरहरा टीएन दुबे ने मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। वहीं फूलबेहड़ इंस्पेक्टर एसएन सिंह सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !