लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त 4221 पदों पर कराए जा रहे उपचुनाव के लिए छह जून 2021 को नामांकन पत्र सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक जमा किए जाएंगे।r
इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच करने के बाद दूसरे दिन सात जून को उम्मीदवारी वापसी के साथ ही उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्न का आवंटन किया जाएगा। 12 जून 2021 को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा, जिसके बाद 14 जून 2021 को सुबह आठ बजे मतगणना होगी।
19 अप्रैल 2021 को कराए गए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने के बाद दो प्रधान (पलिया के इब्राहिमपुर कॉलोनी और फूलबेहड़ की मोहम्मदपुर), पांच बीडीसी (लखीमपुर, नकहा, रमियाबेहड़, बिजुआ, गोला में एक-एक सदस्य), एक जिला पंचायत सदस्य (बांकेगंज तृतीय वार्ड 23) और 17 ग्राम पंचायत सदस्यों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 4196 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर पंचायत चुनाव के समय एक भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन न किए जाने से यह पद रिक्त रह गए थे, जिसके चलते 390 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने के कारण इनके प्रधान शपथ ग्रहण नहीं कर सके हैं। कुल 1165 ग्राम पंचायतों में से 775 संघटित ग्राम पंचायतों के प्रधान ही शपथ ग्रहण कर चुके हैं और इनमें विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रधान व सचिवों के संयुक्त खाते खोलने की कार्रवाई प्रारंभ हो गई है। वहीं पंचायत सदस्यों के अभाव में कोरम पूरा न होने से असंघटित रह गई 390 ग्राम पंचायतों में प्रधानों को अभी विधिक तरीके से पॉवर नहीं मिल पाई है, जिससे इन ग्राम पंचायतों में न तो बैठक हो सकी और न ही प्रधानों के खाते खोले जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में असंघटित ग्राम पंचायतों में प्रधानों का कार्यकाल बिना काम के ही घट रहा है। डीएम ने बताया कि प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, बीडीसी के नामांकन पत्र ब्लॉक मुख्यालयों पर जमा किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र की बिक्री व जमा करने का कार्य जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। संवाद