कलक्ट्रेट में हुई खरीफ उत्पादकता गोष्ठी, ब्लॉकों से भी वर्चुअल जुड़े किसान
लखीमपुर खीरी। बुधवार को खरीफ उत्पादकता गोष्ठी हुई, जिसमें सीडीओ अरविंद सिंह ने कहा कि किसानों की उन्नत सोच व परिश्रम से कृषि क्षेत्र में खीरी का नाम रोशन हुआ है। जिले में उर्वरक की कमी को देखते हुए डीएम के निर्देश पर बड़े पैमाने पर प्रवर्तन कार्रवाई हुई है। अब आवंटित उर्वरक मिलना शुरू हो गया है।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई गोष्ठी में डीडी कृषि डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने खरीफ की रणनीति व विभागीय योजनाओं पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में किसानों के सहयोग से उत्पादन एवं उत्पादकता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा, जिसके लिए सब किसान बधाई के पात्र हैं। मानसून समय से आने व पर्याप्त बारिश होना खरीफ फसलों मुख्यता धान के उत्पादन में बड़ी भूमिका अदा करेगा।
डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने कहा कि किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रशासन की प्रतिबद्धता है। किसानों की समस्याओं के निदान से ही खरीफ गोष्ठी की सार्थकता होगी। उत्पादन लागत को कम करने, खेती की उत्पादकता बढ़ाने पर गोष्ठी में विस्तृत चर्चा हुई।
जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने गोष्ठी का संचालन किया। प्रगतिशील किसान यदुनंदन पुजारी ने केला, स्ट्रॉबेरी, पपीता, जिमीकंद, अदरक, हल्दी की खेती में सफलता की अपार संभावनाएं बताई और टिप्स दिए। इसके अलावा जिला गन्ना अधिकारी बृजेश कुमार पटेल, जिला उद्यान अधिकारी दिग्विजय कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ इंद्रेश गौतम, भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सूर्य नारायण मिश्रा, कृषि वैज्ञानिक सुहेल ने भी खेती किसानी के टिप्स दिए और आय दोगुनी करने के उपाय बताए।
Lakhimpur Kheri : समय पर मानसून आने व अच्छी बारिश से बढे़गी धान की पैदावार
June 16, 2021