Lakhimpur Kheri :केन ऑफिस का घेराव कर मिल में धरने पर बैठे किसान

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
पलियाकलां। चीनी मिल द्वारा गन्ने का भुगतान न किए जाने से गुस्साए किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के साथ शुक्रवार को मिल पहुंचकर केन आफिस का घेराव किया।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा व शाहजहांपुर जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह संधू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान चीनी मिल पहुंच गए। पहले उनको गेट पर मिल कर्मियों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान केन ऑफिस पहुंच धरने पर बैठ गए।

सूचना पर मिल के यूनिट हेड प्रदीप कुमार सालार और प्रधान प्रबंधक गन्ना सुनील कुमार ढींगरा मौके पर पहुंचे। किसानों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान 50 करोड़ रुपये का भुगतान खातों में भेजने की बात पर अड़े रहे।
वार्ता सफल न होने पर वहां मौजूद किसानों ने समिति सचिव अरविंद कुमार को भी खरी-खोटी सुनाई। सूचना पर एसडीएम डॉ. अमरेश कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी किसानों से वार्ता करने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने।
किसानों की मानें तो 50 करोड़ का भुगतान कराने की मांग की थी, लेकिन मिल 15 करोड़ रुपये वह भी तीन किश्तों में 25 जून तक देने की बात पर अड़ी रही, जिसके चलते वार्ता विफल रही और किसानों ने केन आफिस में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। देर शाम तक किसान मिल परिसर में ही जमे रहे।

- चीनी बेच कर भुगतान करने की बात कही गई थी, लेकिन किसान नहीं माने। प्रदीप कुमार सालार, यूनिट हेड, बीएचएल चीनी मिल, पलिया

भारतीय किसान यूनियन ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
गोला गोकर्णनाथ। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने गन्ना भुगतान की मांग करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अखिलेश यादव को सौंपा है।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष दिलबाग सिंह संधू के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में पदाधिकारियों ने बकाया भुगतान ब्याज सहित कराने, अपनी फसल जोतने वाले किसानों को मुआवजा समेत पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर वह प्रदर्शन, भूख हड़ताल करेंगे। इस मौके पर बलविंदर सिंह, सुधीर यादव, गुरदेव सिंह, बलबीर सिंह, अमरजीत सिंह, रणधीर सिंह सोना, सुखवंत सिंह, शमशेर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !